सूर्य का मकर में गोचर - 15 जनवरी 2020

By: Future Point | 31-Dec-2019
Views : 3856
सूर्य का मकर में गोचर - 15 जनवरी 2020

वैदिक ज्योतिष के अनुसार सूर्य को नवग्रहों में मुख्य ग्रह माना जाता है| वेदों तथा पुराणों में सूर्य को समस्त जीव-जगत की आत्मा का स्वरूप माना गया है, हिन्दू धर्म में सूर्य को देवता स्वरूप मानकर इनकी आराधना की जाती है| सूर्य के द्वारा ही व्यक्ति को जीवन ऊर्जा एवं बल की प्राप्ति होती है| जन्म कुंडली में सूर्य की स्थिति काफी महत्वपूर्ण स्थान रखती है| इसी के आधार पर सूर्य कुंडली का निर्माण भी होता है| सूर्य मेष राशि के 10 अंश पर उच्च के तथा तुला राशि के 10 अंश पर नीच के होते हैं| सिंह राशि में 20 अंश तक सूर्य मूल त्रिकोण तथा 20 अंश के बाद स्वराशि के माने जाते हैं| सूर्य को काल पुरुष की आत्मा माना गया है| इसे पूर्व दिशा का स्वामी तथा लाल रंग का द्योतक माना जाता रहा है, यह एक पुरुष ग्रह है, तथा मानव शरीर में हड्डियों पर अधिकार रखता है| इसे आत्मबल और आरोग्यता का कारक माना जाता है| यह अग्नि तत्व का प्रतिनिधित्व करता है| चंद्र, मंगल और बृहस्पति सूर्य के मित्र माने जाते हैं| बुध ग्रह सूर्य के लिए सम है तथा शुक्र और शनि को सूर्य का शत्रु माना जाता है|

सूर्य एक राशि में लगभग एक महीने तक रहते हैं| इसी कारण हिंदू पंचांग मास का निर्धारण भी सूर्य की चाल पर होता है| तिथि का आरंभ भी सूर्योदय से ही मानते हैं| सूर्य के एक राशि से दूसरी राशि में परिवर्तन को संक्रांति कहा जाता है| मकर राशि में सूर्य जब प्रवेश करते हैं तो यह समय अत्यंत शुभ माना जाता है| और इस दिन स्नान-दान पुण्य आदि शुभ कार्य किए जाते हैं|

मकर राशि सूर्य देव के पुत्र शनि देव की राशि है इसलिए ऐसा माना जाता है, कि इस दिन सूर्य देव अपने पुत्र से मिलने जाते हैं| मकर राशि में प्रवेश के साथ ही सूर्य देव उत्तरायण हो जाते हैं| मकर संक्रांति को बड़े स्तर पर पर्व के रूप में मनाया जाता है| इसे उत्तरायण भी कहते हैं| उत्तरायण का समय शुभ कार्यों के लिए उत्तम माना जाता है| इस दिन को विभिन्न स्थानों पर मकर संक्रांति के पर्व के रूप में धूमधाम से मनाया जाता है| भारतवर्ष के तमिलनाडु राज्य में सूर्य का मकर राशि में गोचर पोंगल के त्यौहार के रूप में मनाया जाता है| इस वर्ष सूर्य का मकर राशि में प्रवेश 15 जनवरी 2020 को 02: बजकर 08 मिनट पर होगा, इसलिए मकर संक्रांति, पोंगल और उत्तरायण पर्व 15 जनवरी 2019 को मनाये जायेंगे|

मकर संक्रांति पर्व एवं महत्व

इस दिन किसी पवित्र नदी या तीर्थ पर स्नान कर सूर्य देवता की पूजा करनी चाहिए| गंगा स्नान को इस दिन बहुत ज्यादा महत्व दिया जाता है| गुड़, तिल, गेहूं, चावल, उड़द की दाल आदि ब्राह्मण या किसी गरीब व्यक्ति को दान करें|

ग्रहों की शांति, पितृ दोष व मोक्ष प्राप्ति के लिए मकर संक्रांति को बहुत ही लाभकारी माना जाता है| क्योंकि इस दिन सूर्य देवता दक्षिणायन से उत्तरायण में प्रवेश करते हैं, व शुभकाल प्रारम्भ हो जाता है| इसलिए मकर संक्रांति का विशेष महत्व है|

मकर संक्रांति सूर्य राशि परिवर्तन का द्वादश राशियों पर प्रभाव

15 जनवरी मकर संक्रांति को सूर्य देव धनु राशि से मकर राशि में परिवर्तन करेंगे| सूर्य के मकर राशि पर परिभ्रमण से द्वादश राशियों पर भिन्न-भिन्न प्रभाव दिखाई देंगे| कुछ राशि के जातको के लिए जहाँ सूर्य देव का राशि परिवर्तन शुभ होगा, तो वहीं कुछ राशि के जातकों के जीवन में उथल-पुथल भी होगी| हम यहाँ आपको सभी राशियों पर सूर्य के राशि परिवर्तन का शुभ-अशुभ प्रभाव और उनसे बचने के ज्योतिषीय उपाय बता रहे हैं| जिसके कारण सभी राशि वालों को निश्चय ही लाभ की प्राप्ति होगी, जानिए मकर संक्रांति का विभिन्न राशियों पर प्रभाव|

मेष राशि (Aries)

मेष राशि वालों के लिए सूर्य देव पंचम भाव के स्वामी होकर दशम भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| कर्म भाव में सूर्य का होना कार्यक्षेत्र में सफलता का सूचक है| यदि आप राजनीति के क्षेत्र से संबंध रखते हैं, तो आपको इस क्षेत्र में जनता का सहयोग और सफलता प्राप्त होगी| प्राइवेट जॉव करने वाले लोगों को अपने सीनियर का सहयोग प्राप्त होगा| और सरकारी क्षेत्र में कार्यरत लोगों को प्रमोशन आदि मिलने की संभावना बन सकती है| विद्यार्थियों और संतान पक्ष की दृष्टि से यह समय अच्छा रहने वाला है| परन्तु 24 जनवरी को शनि मकर राशि में प्रवेश कर सूर्य के साथ युति करेंगे, जिसके कारण आपके कुछ काम बिगड़ भी सकते हैं| आर्थिक परेशानी के साथ स्वास्थ्य संबंधी तकलीफ भी हो सकती है|

उपाय

अखंड रामचरितमानस या सुंदरकांड का पाठ करवाएं|

सूर्य भगवान को अर्घ्य प्रदान करें, और किसी ब्राह्मण को गेहूं व गुड़ का दान करें|

मेष राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 मेष राशिफल

वृषभ राशि (Taurus)

वृषभ राशि वालों के लिए सूर्य देव चौथे भाव के स्वामी होकर नवम भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| भाग्य भाव में सूर्य का होना आपके भाग्य की वृद्धि करने वाला होगा| क्योंकि आपकी राशि से आपके भाग्य स्थान में सूर्य बुध की युति होने के कारण बुधादित्य योग बन रहा है| इस समय अब्धि में नौकरी में उन्नति और व्यवसाय में वृद्धि होने की स्थितियां रहेंगी| परन्तु 24 के बाद परिस्थितियां कुछ भिन्न रह सकती हैं| मानसिक परेशानी के साथ धन हानि हो सकती है, शत्रुओं से कष्ट एवं फिजूल खर्ची हो सकती है, आपके मान-सम्मान में भी कमी आ सकती है| और आपके पिताजी का स्वास्थ्य कुछ कमजोर रह सकता है, अथवा आपके साथ उनका मतभेद होने की भी संभावना है|

उपाय

आदित्यह्रदय स्त्रोत का पाठ करें,

अपने पिता की सेवा करें, और 6 मुखी रुद्राक्ष धारण करें|

मंदिर या किसी धार्मिक स्थान में चावल, चांदी और दूध आदि सफेद वस्तुओं का दान करें|

वृषभ राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 वृषभ राशिफल

मिथुन राशि (Gemini)

मिथुन राशि वालों के लिए सूर्य देव तीसरे भाव के स्वामी होकर आठवें भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| आठवें भाव में सूर्य का आपके राशि के स्वामी के साथ होना कुछ मिले-जुले प्रभाव देगा| यदि आप नौकरी करते हैं, तो इस दौरान आपको अधिक मेहनत करने की जरुरत है| यदि आप बिज़नेस से जुड़े हैं, तो इस गोचरकाल में आपके बिज़नेस पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर आपका मतभेद हो सकता है| आपका अपने शत्रुओं से झगड़ा हो सकता है, और कोई शारीरिक व्याधि आपको परेशान कर सकती है| इस दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना पड़ेगा| जीवनसाथी से रिश्ते में तनाव की भी वृद्धि हो सकती है|

उपाय

11 मुखी रुद्राक्ष शुक्ल पक्ष में बुधवार के दिन धारण करें|

शुक्ल पक्ष के रविवार से 800 ग्राम गेहूं और 800 ग्राम गुड़ मंदिर में चढ़ाएं। ये लगातार 8 रविवार करें|

तांबे की किसी वस्तु का दान करें|

मिथुन राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 मिथुन राशिफल

कर्क राशि (Cancer)

कर्क राशि वालों के लिए सूर्य देव दूसरे भाव के स्वामी होकर सातवें भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| सातवें भाव में सूर्य का गोचर अधिक अच्छा नहीं कहा जा सकता, २४ जनवरी तक का समय आपके लिए अनुकूल रहेगा| इस दौरान कार्यक्षेत्र और आर्थिक स्थितियों में वृद्धि होगी| इसके बाद का समय कर्क राशि वालों के लिए परेशानियों से भरा हुआ रहेगा| इस दौरान आपके दांपत्य जीवन में परेशानी आ सकती हैं, और जीवन साथी का स्वास्थ्य भी खराब हो सकता है| जो लोग साझेदारी में व्यवसाय करते हैं उन्हें अपने साझीदार से सम्भल कर रहना चाहिए| स्वास्थ्य पर ध्यान ना देकर आप किसी शारीरिक रोग से ग्रसित हो सकते हैं|

उपाय

सोमवार के दिन चन्द्रमा की होरा में गौरी शंकर रुद्राक्ष धारण करना चाहिए|

दक्षिणावर्ती शंख की पूजा करें, और “ॐ नमः शिवाय” का नित्य जप करें,|

गंगा जल से स्नान करें अथवा तीर्थ यात्रा करें|

कर्क राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 कर्क राशिफल

सिंह राशि (Leo)

सिंह राशि वालों के लिए सूर्य देव आपकी ही राशि के स्वामी होकर छठें भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| सरकारी नौकरी प्राप्त करने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लोगों को अच्छी सफलता प्राप्त होगी| इस समय आप अपने विरोधियों पर हावी रहेंगे, और कोर्ट कचहरी जैसे मामलों में आपको सफलता प्राप्त होगी| नौकरी में पदोन्नति के अवसर प्राप्त होंगे, लेकिन उसके लिए आपको कठिन परिश्रम भी करना होगा| स्वास्थ्य के लिहाज से २४ के बाद स्थितियां विपरीत रहेंगी, इस दौरान आपको अपनी सेहत का ख़ास ध्यान रखना होगा| लेन-देन करते समय सावधानी बरतनी होगी| आर्थिक मामलों को लेकर किसी पर आंख बंद करके भरोसा न करें| नहीं तो कोई बड़ा नुकसान हो सकता है|

उपाय

रविवार के दिन धार्मिक स्थान पर अपनी क्षमतानुसार दान करें|

स्वस्थ्य में आ रही परेशानियों के लिए “महामृत्युंजय जप“ करना या करवाना श्रेयकर रहेगा|

सूर्य यंत्र को रविवार के दिन पूजा स्थान पर स्थापित करें| तथा 5 मुखी रुद्राक्ष धारण धारण करें|

सिंह राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 सिंह राशिफल

कन्या राशि (Virgo)

कन्या राशि वालों के लिए सूर्य देव बाहरवें भाव के स्वामी होकर पांचवें भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| २४ तक परिस्थितियां सामान्य रहेंगी, उसके बाद आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है| इस दौरान आपके स्वभाव में उग्रता आ सकती है| और धन हानि के साथ मान-सम्मान में कमी आ सकती है| आपकी संतान को शारीरिक रूप से कष्ट हो सकते हैं तथा आपकी शिक्षा में व्यवधान उत्पन्न हो सकते हैं| यदि आप शिक्षा के उद्देश्य से विदेश जाना चाहते हैं, तो यह समय आपके अनुकूल है, प्रेम जीवन के लिए यह समय उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा| किसी विवाद के कारण आपका रिलेशनशिप टूट सकता है|

उपाय

रविवार के दिन तांबे की वस्तु का दान करें।

बंदरों को गुड़, चना तथा भुनी हुई गेहूं,शकर मिलाकर खिलाएं|

नित्य सूर्य को जल चढ़ाएं और गणेश भगवान की पूजा अर्चना करें|

कन्या राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 कन्या राशिफल

तुला राशि (Libra)

तुला राशि वालों के लिए सूर्य देव ग्याहरवें भाव के स्वामी होकर चौथे भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| २४ तक स्थितियां बेहतर रहेंगी| इस दौरान धन से सम्बंधित परेशानियां दूर होंगी| परिवार में सुख-शांति की स्थिति रहेगी, वाहन खरीदने की स्थितियां बन सकती हैं| परन्तु २४ के बाद आपकी माताजी का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है, तथा घर में स्वयं को सबसे ऊपर सिद्ध करने की आपकी प्रवृत्ति के कारण लड़ाई झगड़ा हो सकता है| इस दौरान आप अपने घर और परिजनों पर धन खर्च कर सकते हैं| आपको अपने स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए| कोई पुरानी चली आ रही बीमारी आपको कष्ट दे सकती है, इसलिए स्वास्थ्य संबंधित किसी भी परेशानी को बिल्कुल भी नजरअंदाज ना करें|

उपाय

जरूरतमंद और ने‍त्रहीन लोगों को दान दें और खाना बांटें|

आदित्यह्रदय स्त्रोत का पाठ करें|

सात मुखी रुद्राक्ष धारण करना श्रेयकर रहेगा|

तुला राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 तुला राशिफल

वृश्चिक राशि (Scorpio)

वृश्चिक राशि वालों के लिए सूर्य देव दशवें भाव के स्वामी होकर तीसरे भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| इस दौरान आपको अपने प्रयासों के उचित परिणाम प्राप्त होंगे, कार्यक्षेत्र में उन्नति और मान-सम्मान की प्राप्ति होगी, यदि आप पार्टनरशिप में विजनेस कर रहे हैं तो इस समय सफलता और लाभ के योग हैं| परिवार में सुख-शांति एवं आपको सम्मान की प्राप्ति होगी| २४ के बाद स्थितियां कुछ परेशानी भरी रहेंगी|आपके भाई बहनों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, आपके साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी तथा कोई पुराना रोग अगर अभी भी चल रहा है तो उससे मुक्ति मिलेगी| इस दौरान अपने कार्य में स्वयं के अलावा अन्य किसी पर भरोसा ना करें, और ना ही किसी पर निर्भर रहें| आप जहां काम करते हैं वहां आपके सहकर्मी आपको अपेक्षित सहयोग नहीं देंगे इसलिए उनके प्रति सचेत रहें| इसलिए अपने कार्य को स्वयं करें, दूसरों पर निर्भर न रहें|

उपाय

8 मुखी रुद्राक्ष धारण करने से शुभ फल की प्राप्ति होगी|

ॐ सूर्याय नम: मंत्र से सूर्य का जप करें|

रविवार के दिन ताँबा, गेहूँ एवं गुड का दान करें|

वृश्चिक राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 वृश्चिक राशिफल

धनु राशि (Sagittarius)

धनु राशि वालों के लिए सूर्य देव नवमें भाव के स्वामी होकर दूसरे भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| इस दौरान आपको अपने प्रयासों के मिश्रित परिणाम प्राप्त होंगे, इस दौरान आपको भाग्य का पूर्ण साथ मिलेगा, लेकिन आपको अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना होगा, क्योंकि आपके परिवार में किसी बात को लेकर बहस हो सकती है तथा सिर एवं नेत्र में पीड़ा होने की भी संभावना रहेगी| यदि आप विवाहित हैं तो आपका ये अहंकारी स्वभाव खासतौर से आपके वैवाहिक जीवन को प्रभावित कर सकता है| खर्चों पर कंट्रोल करना होगा नहीं तो आर्थिक स्थिति काफी बिगड़ सकती है| वाहन चलाते समय सावधानी बरतनी होगी, लंबी यात्राएं आपको कष्ट दे सकती हैं| किसी करीबी से संबंध बिगड़ने के आसार हैं| गोचर की इस अवधि में आपको अपनी सेहत का ख़ास ख्याल रखना होगा|

उपाय

लाल चंदन, तांबा, गुड़ रविवार को दान करें|

विशेष लाभ के लिए सूर्य देव को जल चढ़ाएं|

अधिक परेशानी होने पर विष्णुसहस्रनाम स्त्रोत्र का पाठ करें|

धनु राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 धनु राशिफल

मकर राशि (Capricorn)

मकर राशि वालों के लिए सूर्य देव आठवें भाव के स्वामी होकर आपकी ही राशि में गोचर करेंगे| इस दौरान आपको कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है| इस गोचर के दौरान आपको अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना पड़ेगा, क्योंकि आपको पेट संबंधित रोग, या ऑपरेशन भी हो सकता है| २४ से २६ जनवरी तक का समय आपके लिए विशेष कष्टदायक हो सकता है|अधिकारियों से परेशानी हो सकती है| इस दौरान आपकी मानसिक चिंताएं बढ़ सकती हैं, लेकिन आपको चिंतित नहीं होना है, और स्वयं धैर्य धारण करना है, ताकि विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए आप सबल रह सकें| आपका मन रहस्यमयी और गूढ़ विद्याओं की ओर आकर्षित होगा तथा शोध करने की और भी आपका मन लालायित रहेगा| इस दौरान आप धन संबंधी भविष्य की योजनाएं बनाएंगे| आपको कुछ अचानक सामने आने वाली यात्राओं पर जाना पड़ सकता है

उपाय

लाल फूल एवं कंकू डालकर सूर्य को अर्घ्य दें|

मकर राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 मकर राशिफल

कुंभ राशि (Aquarius)

कुंभ राशि वालों के लिए सूर्य देव सातवे भाव के स्वामी होकर बाहरवें भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| इस दौरान आपको अपने प्रयासों के मिश्रित परिणाम प्राप्त होंगे, इस दौरान आपका विदेश यात्रा पर जाना हो सकता है| कुछ समय के लिए संभव है, कि आपको अपने परिजनों से दूर जाना पड़े| जीवनसाथी के साथ रिश्ते तनावपूर्ण रह सकते हैं| तथा उनका स्वास्थ्य भी खराब होने की संभावना है| आपके खर्चों में अप्रत्याशित वृद्धि होने के योग बनेंगे जिस पर नियंत्रण रखना आपके लिए आवश्यक होगा, अन्यथा आर्थिक रूप से कुछ परेशानियां आपको परेशान कर सकती हैं| अनावश्यक चीजों पर पैसे खर्च करना आर्थिक रूप से आपको परेशानी में डाल सकता है| इस दौरान आपको नेत्र संबंधित विकार होने की संभावना अधिक रहेगी| जिनका व्यापर विदेश से सम्बंधित है, उन्हें व्यापार में अच्छा लाभ अर्जित हो सकता है|

कुंभ राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 कुंभ राशिफल

मीन राशि (Pisces)

मीन राशि वालों के लिए सूर्य देव छठे भाव के स्वामी होकर लाभ भाव मकर राशि में गोचर करेंगे| इस दौरान आपको अपने प्रयासों के मिश्रित परिणाम प्राप्त होंगे, इस दौरान आपके लिए विभिन्न प्रकार के लाभ के मार्ग खुलेंगे| आपको मनचाही जगह पर काम मिल सकता है| इसके साथ ही यदि आप पहले से ही जॉव करते हैं तो आपके ओहदे में वृद्धि हो सकती है| परिवार में किसी बात को लेकर पिता के साथ वैचारिक मतभेद हो सकते हैं| आपके अपने बड़े भाई बहनों का सहयोग प्राप्त होगा तथा आपकी महत्वाकांक्षाओं और अभिलाषाओं की पूर्ति होगी| इस समय आपको सरकारी कार्यों अथवा सरकारी क्षेत्र से भी लाभ होने की पूर्ण संभावना रहेगी|नौकरी करने वाले लोगों को वेतन में वृद्धि होने से अत्यंत प्रसन्नता हो सकती है| पुराने समय से अटके हुए कार्य पूर्ण होंगे|

उपाय

आदित्यहृदयस्त्रोत का पाठ करें| तथा तांबे के बर्तन में गेहूं भरकर धार्मिक स्थान में दान करें|

ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नम: का नित्य १०८ बार जप करना श्रेयकर होगा|

मीन राशि का राशिफल डिटेल में पढ़नें के लिए क्लिक करें : 2020 मीन राशिफल


Previous
Board Exam 2020: परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए आज़माएं लाल किताब के ये उपाय

Next
शुक्र का कुंभ राशि में गोचर - 9 जनवरी, 2020