59 साल बाद गुरु शनि का महासंयोग, जानिए आपकी राशि पर क्या होगा असर | Future Point

59 साल बाद गुरु शनि का महासंयोग, जानिए आपकी राशि पर क्या होगा असर

By: Future Point | 01-Apr-2020
Views : 4657
59 साल बाद गुरु शनि का महासंयोग, जानिए आपकी राशि पर क्या होगा असर

शनि और गुरु की युति होना किसी महासंयोग से कम नहीं है, क्योंकि यह दोनों दीर्घकालिक ग्रह हैं, अर्थात दोनों ही मंद गति से चलने वाले ग्रह माने जाते हैं। शनि जहाँ एक राशि में ढाई वर्ष का समय लगाते हैं वहीँ गुरु लगभग बारह माह के अंतराल में अपना राशि परिवर्तन करते हैं और इस तरह इनका एक राशि में मिलन होने में कई साल लग जाते हैं। गुरु नैसर्गिक शुभ ग्रह है, यह बुद्धि, ज्ञान, और वृद्धि का कारक ग्रह है, तो वहीँ शनि को क्रूर ग्रहों में प्रमुख माना जाता है। यह न्याय के पक्षधर और रोग के कारक ग्रह हैं, इन दोनों ग्रहों की युति नीच भंग राजयोग का निर्माण भी कर रही है, लेकिन इस युति का बहुत अधिक शुभ प्रभाव नहीं कहा जा सकता क्योंकि इस समय में गुरु शनि के साथ अंगारक अर्थात मंगल का संयोग भी हो रहा है, शनि रोग का कारक है और गुरु वृद्धि का, तो इस दौरान रोग में वृद्धि होने के आसार हैं, गुरु, शनि व मंगल का संयोग अग्निकांड, दुर्घटना, रोगोत्पत्ति, और देशों का आपसी मतभेद या युद्ध की स्थिति भी बन सकती है|

लेकिन गुरु नैसर्गिक शुभ ग्रह है, यह उदारता का परिचय देते हुए व्यक्ति को सही मार्ग पर आने का रास्ता दिखेंगे। देवगुरु बृहस्पति 30 मार्च 2020 को अपनी नीच राशि मकर में गोचर करेंगे। फिर 30 जून को वक्री होकर वे दोबारा धनु राशि में आ जाएंगे। इसके बाद 20 नवंबर को गुरु वापस मकर राशि में संचरण करेंगे। गुरु के गोचर का प्रभाव सभी 12 राशियों पर शुभाशुभ रूप में पड़ेगा। आइए जानते हैं गुरु के गोचर का आपकी चंद्र राशि पर प्रभाव कैसा रहेगा।

मेष राशि (Aries)

मेष राशि के जातकों के लिए गुरु शनि की युति आपकी राशि से दशवें भाव में होगी, इस दौरान आपको अपने कार्यक्षेत्र में कुछ अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे, आप अभी तक जिस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, उसमें बेहतरीन सफलता प्राप्त हो सकती है। सामाजिक स्तर पर देखें तो इस दौरान आपके मान-सम्मान में भी बढ़ोत्तरी होगी। इस दौरान आपकी बुद्धि का स्तर बढ़ेगा और कार्यस्थल में आपके  प्रदर्शन में काफी वृद्धि होगी। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अच्छा तालमेल बनेगा। लेकिन कुछ कार्यों में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत भी करनी पड़ेगी| विरोधियों का पक्ष कमजोर होगा और समाज में आपकी मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी| लेकिन इस युति के प्रभाव से आपके पारिवारिक जीवन में समस्याएं आ सकती हैं। परिवार के बुजुर्गों का, विशेषकर माता-पिता का स्वास्थ्य इस दौरान आपको चिंताएं दे सकता है। कुछ लोगों को मकान, भूमि आदि का सुख भी प्राप्त होगा, इस समय आपकी रूचि धर्म और अध्यात्म के क्षेत्र में अधिक रहेगी।

वृषभ राशि (Taurus)

वृषभ राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से नवमें भाव में होगी, इस दौरान आपकी रूचि धर्म और अध्यात्म के क्षेत्र में बढ़ेगी, और भाग्य का भी पूर्ण सहयोग मिलेगा|  तथा आप लोग धार्मिक परोपकार के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और सामाजिक परोपकार के कार्य भी करेंगे। इससे आपका मान-सम्मान बढ़ेगा कार्यक्षेत्र में तरक्की होगी, शिक्षा के क्षेत्र में यह गुरु सकारात्मक प्रभाव देंगे, और आपकी मेहनत सफल होगी, वहीं ऑफिस में बॉस आपके कार्य से खुश रहेगा| जो लोग शादी के बारे में सोच रहे हैं, उनके लिए भी यह समय अच्छा साबित होने वाला है| समाज के गणमान्य लोगों में इन्हें उठने बैठने का मौका मिलेगा लेकिन यही समय इनकी नौकरी में व्यापक तौर पर बदलाव का समय रहेगा। किसी धार्मिक स्थल की यात्रा पर भी जा सकते हैं|

जानिए वर्ष 2020 में अपना राशिफल : वार्षिक राशिफल 2020 

मिथुन राशि (Gemini)

मिथुन राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से आठवें भाव में होगी, इस राशि के जातकों के लिए यह समय थोड़ा कठिनाई से भरा  हुआ रहेगा| इस दौरान आपकी और आपके लाइफ पार्टनर की सेहत खराब हो सकती है| और बेबजह कोई डर बना रह सकता है, इसलिए आपको सचेत रहने की आवश्यकता है। संतान को लेकर भी चिंतित रह सकते हैं। आपका स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है। आप जोड़ों में दर्द की समस्या से ग्रसित हो सकते हैं। धन के मामले में आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है, इस समय किसी से भी किसी तरह की अपेक्षा रखना आपके लिये सही नहीं है। धर्म, अध्यात्म एवं शोध जैसे विषयों में आपकी रुचि बढ़ सकती है। यदि आप इस मार्ग को चुनते हैं तो आपको ब हुत ही अच्छे अनुभव होंगे। इस अवधि में वासना के प्रति आपका झुकाव अधिक रह सकता है।

कर्क राशि (Cancer)

कर्क राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से सातवें भाव में होगी, इस दौरान आपके दाम्पत्य जीवन में कुछ परेशानियों की स्थिति रहेगी| आपका स्वास्थ्य भी कुछ खराब रह सकता है। इस युति के प्रभाव से आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा और समाज में आपकी छवि मजबूत होगी। आपकी लोकप्रियता में इजाफा देखने को मिलेगा तथा कार्य क्षेत्र में पदोन्नति होने के प्रबल योग बनेंगे जो अविवाहित जातक अपने लिये लाइफ पार्टनर की तलाश में हैं, उनके लिए समय अनुकूल है, उनकी पसंद का जीवनसाथी मिलने के योग हैं। विवाह के योग भी इस समय आपके लिये बन रहे हैं। आपके अच्छे प्रयासों से व्यापार में भी वृद्धि होगी, और कार्यक्षेत्र में आप को प्रगति मिलेगी| इस दौरान भाग्य का पूर्ण साथ मिलेगा, आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी, नई नौकरी या नया बिजनेस शुरु करने के लिए यह समय थोड़ा अनुकूल नहीं है|

सिंह राशि (Leo)  

सिंह राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से छठे भाव में होगी, इस दौरान कोई पुराना रोग भी आपको परेशान कर सकता है, इसलिए स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को हल्के में ना लें। पेट और किडनी संबंधी कोई समस्या विशेष रूप से परेशान कर सकती है। आपको इस दौरान गुप्त शत्रुओं से सावधान रहने की आवश्यकता है। इसलिए अपनी कार्य योजनाओं को किसी से शेयर करने से बचें, संभव है आपके कार्यों का लाभ कोई और ले जाए। प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए यह समय उपयुक्त रहेगा, आप को मनमाफिक सफलता मिल सकती है। खर्चों में बढ़ोतरी होगी, प्रॉपर्टी खरीदने के लिए लोन ले  सकते हैं। प्रॉपर्टी को लेकर कोई विवाद चल रहा है तो आपकी जीत हो सकती है। यदि आप किसी से ऋण लिए हुए है तो वापसी कर सकते हैं। यदि आप नौकरी में हैं तो विवाद से बचना ही अच्छा रहेगा। यदि आप किसी से प्यार कर रहे हैं तो संभल जाइए प्यार में धोखा या बहसबाजी हो सकती है|

अपनी कुंडली में राजयोगों की जानकारी पाएं बृहत कुंडली रिपोर्ट में

कन्या राशि (Virgo)  

कन्या राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से पांचवें भाव में होगी, इस दौरान नौकरी और बिजनेस दोनों में ही लाभदायक परिणाम प्राप्त होंगे| सुख सुविधाओं की प्राप्ति होगी और मित्रों का सहयोग मिलेगा| छात्रों को पढ़ाई में लाभ मिल सकता है। यदि आपकी संतान मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही है या फिर इस फिल्ड में नौकरी करती है तो उन्हें लाभ की प्राप्ति हो सकती है। इस राशि वालें जो लोग लेखन या शिक्षण के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं उन्हें तरक्की के अच्छे अवसर मिल सकते हैं। नए-नए कार्यों में रुचि बढ़ेगी। यदि आप शादीशुदा हैं तो संतान की वृद्धि हो सकती है। कुछ लोगों को प्रेम विवाह की सौगात मिलेगी।आमदनी में वृद्धि की संभावना नजर आ रही है। शास्त्रों का अध्ययन, लेखन अथवा ज्योतिष विद्या में आपकी रुचि बढ़ सकती है। यह परिवर्तन प्रेम करने वाले जातकों के लिए भी काफी अनुकूल है। इस समय में आप अपने प्रेमी के साथ काफी अच्छा समय व्यतीत करेंगे। इस गोचर के दौरान बच्चों की सेहत अच्छी रहेगी।

 तुला राशि (Libra)

तुला राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से चौथे भाव में होगी, यदि आप नौकरी कर रहे हैं, तो कार्य स्थल पर आपका किसी के साथ मतभेद हो सकता है। इस युति के होने से आपके परिवार में उथल-पुथल मच सकती है। इस समय काल में आपके गृह परिवर्तन के योग बनेंगे। अर्थात आप अपना निवास स्थान बदल सकते हैं। घर में धन तथा परिवार को लेकर तनाव की स्थिति रह सकती है। इस गोचर के दौरान माता जी का स्वास्थ्य खराब हो सकता है| दाम्पत्य जीवन में कुछ कहा-सुनी भी हो सकती है| जिसके कारण पारिवारिक माहौल खराब हो सकता है| इस समय अपनी वाणी पर अंकुश रखें, तथा सकारात्मक विचार बनाये रखें, यही  आपको सफलता दिलाएंगे| इस युति के प्रभाव से परिवार में पूजा पाठ या ऐसा ही कोई धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हो सकता है। जिससे शान्ति का मौहाल बन सकता है|

वृश्चिक राशि (Scorpio) 

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से तीसरे भाव में होगी, इस दौरान पराक्रम और आत्मबल में वृद्धि होगी। साझेदारी में सफलता, भाईयों का साथ मिलेगा। इस समय धनार्जन तथा भाग्य निर्माण हेतु जातक को कुछ छोटी यात्राएं भी करनी पड़ेंगी| और इन यात्राओं के दौरान आपको बेहद सतर्क भी रहना होगा, समाज में परोपकार के कामों में आपका खूब मन लगेगा। अत्यधिक यश और कीर्ति की प्राप्ति होगी और आपकी आमदनी में भी बढ़ोतरी होगी| यदि आप प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो सफल हो सकते हैं। यदि मकान या पैतृक सम्पत्ति बेचना चाहते है तो इसमें सफलता मिल सकती है। लेकिन अपने आलस्य के कारण यह मुख्य मौक़ों को गँवा भी सकते हैं। यह दूसरों का भला करने के चक्कर में कुछ कष्ट भी उठा सकते हैं। इस दौरान आपका और आपके छोटे भाई का स्वास्थ्य ख़राब हो सकता है, स्वास्थ्य के मामले में संयम और समझदारी से काम लें|

धनु राशि (Sagittarius)

धनु राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से दूसरे भाव में होगी, इस समय आपके लिए मानसिक तनाव थोड़ा कम होने की उम्मीद रहेगी| कुछ लाभ भी होगा जिसका उपयोग आप अपने कर्ज एवं अपने रुके हुए कामों को पूरा करने के लिए कर सकते हैं| यदि इस दौरान आप कोई भी कार्य शुरु करना चाहें हैं तो विशेष सतर्कता और मेहनत के साथ कार्य करने की आवश्यकता है| तभी यह शनि गुरु का योग  आपको सफलता दिलाएगा| आपको कुछ पैसों की तंगी का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए सोच समझ कर खर्च करें| इस युति के प्रभाव से आपके परिवार में कुछ तनाव देखने को मिल सकता है तथा संपत्ति के संबंध में तीखी नोक झोंक भी हो सकती है आपको अपने स्वास्थ्य का थोड़ा ध्यान रखना होगा क्योंकि बीमार पड़ने की संभावना बन सकती है। ज़मीन जायदाद से जुड़े मामलों में लाभ प्राप्त होगा| कोई फैसला लेने से पहले अच्छी तरह विचार करें, विदेश जाने का सोच रहे हैं तो इस दौरान रूकाबटें आपको परेशान कर सकती हैं| आर्थिक क्षेत्र में पिता का सहयोग कम प्राप्त होगा|

अपनी कुंडली में सभी दोष की जानकारी पाएं कम्पलीट दोष रिपोर्ट में

मकर राशि (Capricorn)

मकर राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि में ही होने जा रही है| व्यापार के लिए यह गोचर नए अवसर लेकर आएगा, और आर्थिक स्थिति में भी लाभ होगा, लेकिन लाभ से अधिक खर्चे बढ़ेंगे, और मानसिक तनाब भी  बना रहेगा, जिस वजह से आपका स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है| जोड़ों में दर्द या गैस की समस्या हो सकती है। डायबिटीज, लीवर या अस्थमा जैसी बीमारियां परेशान कर सकती हैं| इस गोचर के प्रभाव से आपके दांपत्य जीवन में भी कुछ परेशानियां आ सकती हैं, यदि आप पार्टनरशिप में बिज़नेस कर रहे हैं, तो बिजनेस पार्टनर से थोड़ा सावधान रहें|  विदेश में स्थाई रूप से जाकर रहने की इच्छा रखने वालों के लिए समय उत्तम है| प्रेम जीवन में भी परेशानी हो सकती हैं| इस दौरान प्रत्येक निर्णय सोच-समझ कर लें|

कुंभ राशि (Aquarius)

कुंभ राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से बारहवें भाव में होने जा रही है| इस दौरान आपके खर्चों में अचानक से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इस समय काल में आप किसी धार्मिक कार्य से यात्रा भी कर सकते हैं। नौकरी को बदलने के लिए यह समय बेहतर नही है| इस समय अवधि में व्यर्थ की भागदौड़ और वाद-विवाद उभर सकते हैं, किसी कानूनी वाद-विवाद में भी उलझ सकते हैं| नये कार्य को करने से पहले किसी सीनियर की सलाह अवश्य लें| कोर्ट कचहरी के मामलों में अधिक धन खर्च करना पड़ेगा और आपके विरोधी इस समय काल में अधिक प्रबल हो जाएंगे, इसलिए उनके प्रति सावधानी बरतनी आवश्यक होगी।पार्टनर को पूर्णरूप से समय नहीं दे पाने के कारण गलतफहमियां बढ़ सकती हैं, वैवाहिक कार्यों में शनि का सहयोग मिलेगा| घुटनों के रोग तथा आँखों से संबंधित रोग परेशान कर सकते हैं, और चोट इत्यादि लगने का भय रहेगा|

मीन राशि (Pisces) 

मीन राशि के जातकों के लिए गुरु व शनि की युति आपकी राशि से ग्यारहवें भाव में होने जा रही है| इस गोचर के दौरान आपकी निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी| आमदनी में जबरदस्त वृद्धि देखने को मिलेगी। कार्यस्थल पर सबका सहयोग मिलेगा| आय के स्त्रोत बढ़ेंगे| यदि नौकरी बदलना चाहते हैं तो यह उपयुक्त समय है| व्यापार से जुड़े बहुत से नए अवसर आएँगे और आपको आगे बढ़ने का  मौका मिलेगा| पैतृक संपत्ति को लेकर अपनों के साथ संबंध तनावपूर्ण हो सकते हैं| आपका वैवाहिक जीवन इस समय खुशहाल बना रहेगा, और आपके प्रेम जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टकारी रहेगा और आपकी परीक्षा की घड़ी होगी। शिक्षा के क्षेत्र में यह युति आपको उचित परिणाम प्रदान करेगी। अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें लापरवाही परेशानी पैदा कर सकती है|

फ्यूचर पॉइंट के माध्यम से अपनी कुंडली का विश्लेषण करवाएं, और ग्रह योगों से जुडी जानकारी प्राप्त करें|

जानिए आपकी कुंडली पर ग्रहों के गोचर की स्तिथि और उनका प्रभाव, अभी फ्यूचर पॉइंट के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्यो से परामर्श करें।


Previous
दो मुखी रुद्राक्ष से होती है मनोकामनाओं की पूर्ति और ऐश्वर्य की प्राप्ति

Next
कौन से यंत्र से पा सकते है बिजनेस सफलता ? अभी जानिए